रोजाना24न्यूज: पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने श्री आनंदपुर साहिब में चल रहे होला मोहल्ला में रस्सी पर चल रही बच्ची के करतब को बंद करवा दिया। बैंस ने बच्ची के बड़े भाई को पैसे भी दिए, ताकि वे कोई और काम कर अपने परिवार का पेट पाल सके। दरअसल, हरजोत बैंस श्री आनंदपुर साहिब के दौरे पर थे और रविवार को शुरू हुए मेले में तैयारियों का जायजा ले रहे थे।
हरजोत बैंस जब मेले में घूम रहे थे, तभी कानों में स्पीकर से निकल रहे तेज म्यूजिक की ओर उनका ध्यान गया। उनकी नजर 10 साल से भी छोटी बच्ची पर पड़ी। बच्ची रस्सी पर चल रही थी और उसके हाथ में खुद को बैलेंस करने के लिए लंबी लाठी थी। ये देख हरजोत बैंस तुरंत उसकी तरफ बढ़े और बच्ची को पकड़ रस्सी से नीचे उतार लिया।
बच्ची के भाई ने हरजोत सिंह बैंस को बताया कि गरीब परिवार से है और ये उनका काम है। जिसके बाद हरजोत बैंस भड़क गए और कहा कि बच्ची की स्कूल जाने की उम्र है और तुम उससे ये काम करवाओगे। अगर तुमने कोई काम करना है तो बोलो, वे नौकरी लगवा देंगे, लेकिन ये काम नहीं है। हरजोत बैंस ने जेब से पैसे निकाले और बच्ची के भाई को थमा दिए।
मंत्री बैंस के आदेश पर सामान जब्त
हरजोत सिंह बैंस ने समझाया कि सामान लाकर यहां बेच ले, लेकिन ये करतब करना सही नहीं है। उन्होंने तुरंत पुलिस को आदेश दिया कि सामान जब्त किया जाए। जिसके बाद पुलिस ने लड़के का सामान जब्त कर रख लिया। वहीं, उसे समझाया कि बच्ची को पढ़ने के लिए स्कूल भेजे।
