ब्यूरो : गणतंत्र दिवस से ठीक 48 घंटे पहले पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देती एक गंभीर घटना की खबर सामने आई है। फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद इलाके में रेलवे लाइन पर हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। इस धमाके में एक मालगाड़ी का इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि इंजन चालक को चोटें आई हैं।
सूत्रों के अनुसार धमाके में RDX जैसे शक्तिशाली विस्फोटक के इस्तेमाल का संदेह जताया जा रहा है। घटना शुक्रवार रात करीब 10.00 बजे की है, जब एक मालगाड़ी नई बिछाई गई विशेष मालगाड़ी रेलवे लाइन से गुजर रही थी। जैसे ही ट्रेन खानपुर फाटकों के पास पहुंची, अचानक जबरदस्त धमाका हुआ। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि रेलवे ट्रैक का करीब तीन से चार फीट हिस्सा पूरी तरह उड़ गया। धमाके के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और रेलवे तथा पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई।
धमाके में घायल इंजन चालक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है, हालांकि धमाके के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। गणतंत्र दिवस से पहले हुई इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है और पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
