दिल की गहराइयों से सभी कार्यकर्ताओं और शहरवासियों का धन्यवाद : अशोक सरीन हिक्की
जालंधर (R24N): भारतीय जनता पार्टी जिला जालंधर शहरी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की के पदभार ग्रहण एवं आशीर्वाद समारोह ने एक ऐतिहासिक रैली का रूप धारण कर लिया। भाजपा कार्यालय, सर्कुलर रोड में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं शहरवासियों ने पहुंचकर अशोक सरीन हिक्की को अपना आशीर्वाद और समर्थन प्रदान किया।
कार्यक्रम में उमड़े जनसैलाब और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि भाजपा जालंधर में संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और आगामी समय में नई ऊर्जा के साथ जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएगा। समारोह के दौरान पूरे परिसर में भाजपा के पक्ष में जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने अशोक सरीन हिक्की को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा ने एक समर्पित, मेहनती और जुझारू कार्यकर्ता को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि अशोक सरीन हिक्की के नेतृत्व में जालंधर भाजपा संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा और संगठनात्मक दृष्टि से नया इतिहास रचेगा। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सफलता का आधार है।

इस मौके पर प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर, पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण देव भंडारी, पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, अविनाश चंद्र, सरबजीत सिंह मक्कड़, जगबीर सिंह बराड़, संजीव खन्ना, पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा, नवल कंबोज, सुभाष सूद, रमेश शर्मा रमन, जिला महामंत्री राजेश कपूर, अमरजीत सिंह गोल्डी, नीरज, पुनीत शुक्ला ने अशोक सरीन हिक्की को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
संबोधन में नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने प्रदेश नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं बल्कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान है। वह संगठन की रीति-नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
