रोजाना24न्यूज: पंजाब में 30 अगस्त तक स्कूल बंद रहेंगे। बारिश को देखते हुए सरकार ने ये फैसला लिया है। CM भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने लिखा- पिछले दिनों से भारी बारिश हो रही है और मौसम विभाग की ओर से आगे भी कुछ दिनों तक भारी बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसे देखते हुए राज्य के सभी प्राइमरी, सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी सरकारी और प्राइवेट स्कूल 27 अगस्त से 30 अगस्त तक बंद रहेंगे
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का असर अब पंजाब पर भी दिख रहा है। राज्य के 7 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। रणजीत सागर डैम और भाखड़ा डैम से लगातार पानी छोड़े जाने से रावी, सतलुज और ब्यास नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। स्थिति गंभीर होते देख जालंधर, कपूरथला, पठानकोट और गुरदासपुर जिलों के साथ-साथ अमृतसर के अजनाला और रईया ब्लॉक के स्कूलों में आज छुट्टी कर दी गई है।
वहीं, फाजिल्का के बाढ़ग्रस्त 20 गांवों के स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे। तरनतारन और फिरोजपुर में हरिके हेडवर्क्स से छोड़े गए पानी के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
ब्यास नदी पर बने चक्की रेलवे पुल के नीचे से मिट्टी धंसने से पठानकोट-जालंधर रेलवे रूट बंद कर दिया गया है। इससे 90 ट्रेनें प्रभावित हुईं। कुछ को पठानकोट-अमृतसर-जालंधर रूट से रवाना किया जा रहा है।
