चंडीगढ़ : पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पर जल्द ही भाजपा इसका ऐलान कर सकती है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुनील जाखड़ पंजाब भाजपा प्रधान बन सकते हैं। सुनील जाखड़ पंजाब में हिंदू और जाट समुदाय का एक खास चेहरा हैं। शिरोमणि अकाली दल से गठबंधन तोड़ने के बाद बीजेपी लगातार ऐसे चेहरे की तलाश में थी जिसका शहर और गांव में दोनों जगह पर प्रभाव हो। किसान परिवार से जुड़े जाखड़ न सिर्फ गांव में बल्कि शहरों में भी अच्छी पकड़ रखते हैं। यही वजह है कि बीजेपी पंजाब में जाखड़ के नाम पर बड़ा दांव खेलने जा रही है।
अश्विनी शर्मा के हटने की यह वजह रही
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी जाखड़ के नाम पर अपनी मुहर लगा दी है। अब तक पंजाब भाजपा प्रधान रहे अश्विनी शर्मा के कामकाज से बीजेपी को अंदाजा था कि पार्टी पंजाब में अपनी पकड़ मजबूत नहीं कर पाई है। यही वजह है कि भाजपा ने पहली बार किसी दूसरे दल के नेता को मैदान में उतारने का फैसला किया है।
पंजाब के गांव हैं भाजपा का लक्ष्य
पंजाब की सियासत की बात करें तो 7 ऐसे बड़े चेहरे हैं, जो भाजपा का दामन थाम चुके हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के अलावा सुनील जाखड़, पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल, पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़, राजकुमार वेरका, सुंदर शाम अरोड़ा, बलबीर सिंह सिद्धू और राणा गुरमीत सोढी शामिल हैं। भाजपा को उम्मीद है कि ये सभी वे चेहरे हैं, जो उन्हें पंजाब की 13 लोकसभा सीटों के लक्ष्य तक पहुंचा सकते हैं।
