नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली से बड़ी खबर आ रही है। यहां नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। महिला से गैंगरेप का आरोप रेलवे के ही चार कर्मचारियों पर लगा है, जो विद्युत विभाग में काम करते हैं। दिल्ली पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वारदात के वक्त सभी आरोपी नशे में थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ये घटना 22 जुलाई की रात साढ़े बारह बजे की बताई जा रही है। गैंगरेप की घटना ट्रेन लाइटिंग हट में घटित हुई। फोन करने वाली महिला ने बताया कि रेलवे स्टेशन के एक कमरे में उसके साथ रेप किया गया है। यह कॉल पहले PS ODRS पर लगभग 02:27 बजे आई थी।
वहां के कर्मचारियों ने फोन करने वाली महिला को खोजा, लेकिन वह नहीं मिली। बताए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर पता चला कि महिला नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 8-9 पर खड़ी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत एसएचओ, एनडीआरएस स्टाफ के साथ प्लेटफार्म नंबर 8-9 पर पहुंचे। जहां फोन करने वाली पीड़ित मौजूद थी। फरीदाबाद निवासी पीड़िता ने बताया कि वह पिछले एक साल से अपने पति से अलग है और तलाक के लिए कोर्ट में केस लड़ रही है।
डीसीपी रेलवे हरेंद्र सिंह ने बताया है कि 30 साल की पीड़िता के साथ गुरुवार रात रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म 8-9 पर बिजली के रखरखाव स्टाफ की झोपड़ी में बलात्कार किया गया था। सभी 4 आरोपी विद्युत विभाग में रेलवे कर्मचारी हैं और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों में से एक महिला का जानकार भी बताया जा रहा है।
