रोजाना24न्यूज: जालंधर के बस्ती गुजा में करियाना कारोबारी की हत्या करने के मामले की गुत्थी को पुलिस ने 24 घंटों में सुलझा लिया है। करियाना कारोबारी की हत्या करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान लवप्रीत उर्फ प्रीत निवासी शिव मंदिर बस्ती गुजा के रूप में हुई है।
प्रेस वार्ता के दौरान डीसीपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि सोमवार सुबह थाना बस्ती बावा खेल में करियाना व्यापारी परमजीत अरोड़ा की हत्या का मामला दर्ज किया गया था। हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थी।
सीआईए स्टाफ और एंटी नारकोटिक सैल की टीम ने नहर पुली बाबा बुड्डा जी नगर के पास नाकेबंदी की हुई थी, जहां गुप्त सूचना के आधार पर बताए गए चेहरे वाला व्यक्ति पैदल आता हुआ दिखाई दिया, जिसे उनकी टीम ने पूछताछ के रोका तो उक्त व्यक्ति की दाई टांग में चोट लगी हुई थी। आरोपी की जब तालाशी ली गई तो आरोपी के कब्जे से तेजधार हथियार बरामद हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले 7 साल से किराये के मकान में बस्ती गुजा में ही रह रहा था, जहां वह नशे का आदी हो गया। नशे की पूर्ति के लिए आरोपी ने परमजीत अरोड़ा की दुकान को लूटने की मंशा बनाई और जब वह दुकान को लूटने गए तो उनसे करियाना व्यापारी का कत्ल हो गया। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी ताकि इस मामले को लेकर और जानकारी मिल सके।
