Oplus_131072
अमृतसर : पेशी पर लाए 3 आरोपी पुलिस की गाड़ी लेकर भाग निकले। उन्होंने गाड़ी में बैठे पुलिसवालों को जंजीरों से बांध दिया। हालांकि, घबराहट में उनकी गाड़ी बेकाबू होकर इनोवा से टकरा गई, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को फिर से पकड़ लिया। उनके खिलाफ केस दर्ज करने के साथ पुलिसकर्मियों पर भी लापरवाही के मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक अमृतसर रूरल के पुलिस थाना झंडेर की टीम 3 कैदियों को अमृतसर जिला कोर्ट में पेश करने के लिए लाई थी। जब कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें वापस ले जाया जा रहा था, तो रास्ते में पुलिस की गाड़ी का ड्राइवर पेशाब करने के लिए नीचे उतरा। इस दौरान उसने चाबी गाड़ी में ही छोड़ दी। जैसे ही ड्राइवर गाड़ी से बाहर निकला तो अंदर बैठे तीनों कैदियों ने गाड़ी में बैठे पुलिसवालों पर हमला कर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जंजीरों से बांध दिया।
जब कैदी गाड़ी लेकर भाग रहे थे तो अंदर बंधे पुलिसकर्मियों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इससे गाड़ी चला रहे कैदी का बैलेंस बिगड़ गया और वह स्टेयरिंग को ढंग से नहीं संभाल सका। जिससे उनकी गाड़ी बेकाबू हो गई। पुलिस की गाड़ी थोड़ी दूरी पर जाकर इनोवा से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस वाली गाड़ी के एयरबैग भी खुल गए। गाड़ी को काफी नुकसान हुआ। इसके बाद पुलिस ने तीनों कैदियों को फिर पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें थाना झंडेर वापस ले जाया गया।
मामले की जांच में जुटी टीम
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोर्ट से पेशी के बाद तीन कैदियों ने पुलिस वाहन लेकर भागने का प्रयास किया था, उन्हें समय रहते दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी ने पुष्टि की, कि मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
