Oplus_0
मंडी (R24N): हिमाचल प्रदेश के मंडी में आज (वीरवार) सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। 20 से 23 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। SP मंडी ने इसकी पुष्टि की है।

मृतकों में 4 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। घायलों को स्थानीय पुलिस व ग्रामीणों की मदद से खाई से निकालकर सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि HP-28-A-3717 नंबर बस गुरुवार सुबह करीब 9 बजे जामनी से सरकाघाट को चली थी और करीब पौने 10 बजे सरकाघाट-जमनी-दुर्गापुर सड़क पर मसेरन तालगरा के पास अचानक बस बेकाबू होकर खाई में गिर गई।

CM ने शोक जताया, डिप्टी सीएम सरकाघाट रवाना
हादसे की सूचना मिलते ही डिप्टी CM एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री शिमला से सरकाघाट रवाना हो गए हैं। वह कुछ देर बाद अस्पताल पहुंचकर घायलों का कुशलक्षेम जानेंगे। वहीं सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे को दुखद बताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। मुख्यमंत्री जिला प्रशासन को घायलों के इलाज व हर संभव मदद करने के निर्देश दिए।
