जालंधर (विशाल): युवा मोर्चा के स्टेट मीडिया प्रभारी व भाजपा के सीनियर नेता प्रशांत गंभीर द्वारा गुलमोहर सिटी (ओल्ड होशियारपुर रोड) में रविवार रात को हुई गुंडागर्दी का मामला उच्च पुलिस अधिकारियों के ध्यान में लाने के तुरंत बाद थाना रामा मंडी की पुलिस ने थ्री स्टार कालोनी के रहने वाले कृष्ण नेपाली व नितिन समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ बी.एन.एस. की धाराओं के तहत 22 नंबर एफ.आई.आर. दर्ज कर ली है।
प्रशांत गंभीर ने कहा कि गुलमोहर सिटी के निवासी नरिंदर कुमार के घर में घुसे हुए गुंडों को देखकर पूरी तरह से सहमे हुए थे, जिसके चलते उन्होंने इस मामले का उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया और साथ में ही जल्द ही पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव से मुलाकात कर उन्हें पूरे मामले से अवगत करवाने की बात कही थी।

प्रशांत ने कहा कि हमलावरों ने नरिंद्र कुमार के घर में खड़ी गाड़ियों व सामान के अलावा फर्नीचर की जमकर तोड़-फोड़ करने के साथ-साथ उनके बेटे रिशांत चोपड़ा उर्फ राहुल हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उसने भागकर अपनी जान बचाई।
भाजपा नेता गंभीर ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि तलवारें व अन्य हथियार लहराते हुए गुलमोहर सिटी में दहशत का माहौल पैदा करने वाले सभी फरार गुंडों को जल्द से जल्द पकड़ कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए और गुलमोहर सिटी इलाके में पुलिस की गश्त और नाकाबंदी यकीनी बनाई जाए। नशा छुड़ाओ केन्द्र के बाहर खड़े रहते नशा करने व बेचने वालों पर भी नकेल डाली जाए।
