थोड़ी दूरी पर एक चोर अज्ञात वाहन की चपेट में आया, उसकी भी हुई मौत, एक भागने में हुआ कामयाब
रोजाना24न्यूज: पंजाब के कपूरथला से बड़ी खबर है। सुल्तानपुर लोधी के भानोलंगा गांव में रविवार रात क्लीनिक में घुसे चोर को पकड़ने के दौरान हुई हाथापाई में डॉक्टर की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद चोर भागने लगा तो वह भी रास्ते में किसी वाहन से टकरा गया और उसकी मौत हो गई, जबकि दूसरा चोर भागने में कामयाब रहा।
भानोलंगा गांव में स्थित चरण मेडिकल स्टोर एवं क्लीनिक पर कई बार चोरी होने से क्लीनिक के संचालक डॉ. गुरचरण सिंह परेशान थे। इसीलिए उन्होंने अपने क्लीनिक में CCTV कैमरे लगवा दिए थे। रविवार रात वह उन्होंने कैमरे में देखा कि उनके क्लीनिक में चोरी करने के लिए 2 संदिग्ध युवक घुस रहे हैं। वह शटर तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। गुरचरण सिंह ने इसकी सूचना अपने बेटे को दी। इसके बाद दोनों तुरंत अपने क्लीनिक पर पहुंच गए।
जब डॉक्टर गुरचरण सिंह ने चोरों को पकड़ने की कोशिश की तो उनमें हाथापाई हो गई। इसके बाद गुरचरण सिंह ने अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक निकाल ली। हाथापाई के दौरान बंदूक से फायर हो गया और गोली गुरचरण सिंह के जाकर लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चोर भाग गए।
कुछ दूरी पर जाकर एक चोर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें उसकी भी मौत हो गई। मरने वाले चोर का साथी उसे संभाले बिना ही वहां से फरार हो गया। गुरचरण सिंह के बेटे ने पिता की मौत को लेकर पुलिस को बुलाया, तभी पुलिस को पता चला कि पास में ही एक व्यक्ति की सड़क हादसे में भी मौत हुई है, जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि यह वही व्यक्ति है, जो गुरचरण सिंह के क्लीनिक में चोरी करने के लिए घुसा था। मृतक की पहचान जालंधर के कंदौला निवासी कृष्ण कुमार (26) के रूप में हुई है।
क्या कहते हैं डीएसपी गुरमीत सिंह
डीएसपी गुरमीत सिंह ने बताया कि घटना रविवार रात डेढ से 2 बजे के बीच की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। भागने वाले चोर की पहचान की जा रही है। आसपास के CCTV कैमरे खंगाले जाएंगे। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।