लुधियाना: CMS कंपनी में हुई 8.49 करोड़ की लूट को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने 10 आरोपियों में से 5 आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। इसकी जानकारी सीएम भगवंत मान के साथ DGP गौरव यादव ने ट्वीट कर दी। सीएम ने लिखा कि लूट मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। वहीं DGP ने लिखा कि 60 घंटे से पहले मामले को सुलझा लिया है। बड़ी बरामदगी हुई है। पूछताछ जारी है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को काले रंग की कार बरामद हुई है। इसमें कैश मिला है। लूट की वारदात में दो बाइकों का भी इस्तेमाल किया गया। ये दोनों बाइक कैश वैन के आगे पायलट के रूप में चल रही थी। बदमाशों ने कंपनी के कर्मचारियों की आंख में मिर्च डाल कर उन्हें बंधक बना लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस को सूचना थी कि गांव पंडोरी से करीब 5 किलोमीटर दूरी पर लुटेरों की मूवमेंट देखी गई है। इस दौरान पुलिस ने गांव ढट्ट नजदीक ट्रैप लगा दिया। तीन युवक गांव ढट्ट के खेतों के नजदीक बनी झाड़ियों में छिपकर बैठे थे। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने कहा कि वह भांग रगड़ रहे हैं। पुलिस कर्मचारियों द्वारा जब सख्ती बरती गई तो तीनों युवकों ने असलियत उगली। बारिश के पानी की निकासी करने के लिए सड़क किनारे बनी सीमेंट जाली में काला रंग का बैग पुलिस को बरामद करवाया।
गांव ढट्ट के युवकों की निशानदेही पर पुलिस ने जगराओं के इलाका कोठाहरि सिंह में दबिश दी। पुलिस ने तालाशी दौरान एक घर के बेड से 10 लाख रुपए बरामद किए हैं। उस घर की बुजुर्ग महिला कुलवंत कौर ने बताया कि पुलिस कर्मचारियों ने उनके घर की चेकिंग की। इस दौरान उनके बेटे और बहू के कमरे में पड़े बेड से पुलिस को 10 लाख रुपए मिले हैं। बुजुर्ग कुलवंत कौर मुताबिक 9 जून रात को उसका बेटा और बहू कहीं गए थे और वह सुबह तड़के घर वापस आए।
