लुधियानाः जिले में 24 वर्षीय युवती की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या की वारदात के पीछे युवती के प्रेमी व प्रेमी के भाई और दोस्तों का हाथ बताया जा रहा है। युवती की हत्या के बाद पहले तो शव को नहर में फेंका गया। फिर वहां से निकाल कर जलाने की कोशिश की। जब शव नहीं जला तो उसे जेसीबी बुलाकर दफना दिया व बाद में वहां पौधे लगा दिए। पुलिस ने जसपिंदर कौर के भाई शमिंदर सिंह पुत्र कमलजीत सिंह के बयान पर केस दर्ज किया है। शिकायत में शमिंदर ने बताया कि 24 नवंबर को उसके पिता खेत गए थे और मां स्कूल में पढ़ाने गई थी।
इस दौरान जसपिंदर कौर घर से 12 तोले सोना और 20 हजार रुपये लेकर परमप्रीत सिंह परम के साथ चली गई। पुलिस पर भी मामले को गंभीरता से न लेने का आरोप है। 5 दिसंबर सोमवार को परम और भवना के पिता हरपिंदर सिंह ने खुद ही जसपिंदर कौर के परिवार को बता दिया कि उनकी बेटी का कत्ल हो चुका है। जानकारी अनुसार 24 वर्षीय जसपिंदर कौर अपने घर से 12 तोले सोना और 20 हजार रुपये लेकर 24 नवंबर को घर से निकली थी। उसके बाद युवती की हत्या कर उसके प्रेमी परमप्रीत सिंह परम वासी गांव सुधार ने अपने भाई भवनप्रीत सिंह उर्फ भवना और अन्य दोस्तों के साथ मिलकर सुधार बोपाराय लिंक रोड पर स्थित अपने घोड़ों के तबेले में दफना दिया था। शव को दफनाने से पहले नहर में फेंका गया, फिर निकालकर जलाने की कोशिश की गई। खेतों में पराली डाल कर जलाने की कोशिश भी की गई लेकिन शव को जला नहीं सके।
इसके बाद आरोपियों ने एक जेसीबी मशीन चालक को बुलाया और कहा कि मेरा एक घोड़ा मर गया है, उसे दफनाना है । जेसीबी से अपने स्टड फार्म में 6 फुट से अधिक गड्ढा खुदवा कर चालक को रवाना कर दिया गया। आरोपियों ने बाद में अधजले शव को ही गड्ढे में दफना दिया। वारदात की सूचना के बाद शव को दफनाने के स्थान पर रात से पुलिस मुलाजिम ड्यूटी दे रहे हैं। लुधियाना से ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसएसपी ग्रामीण हरजीत सिंह के आने के बाद शव को निकाला जायेगा।
