Oplus_131072
मोहाली (R24N): पंजाब के कॉमेडी किंग डॉ. जसविंदर भल्ला (65) का शुक्रवार को देहांत हो गया। परसों रात (20 अगस्त) को डॉ. जसविंदर भल्ला को ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उन्हें मोहाली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। कल रात से उनकी तबीयत ज्यादा खराब थी। आज सुबह करीब 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार मोहाली में कल (23 अगस्त) दोपहर 1 बजे किया जाएगा। बताया जा रहा है कि भल्ला की बेटी 10 दिन पहले ही यूरोप गई थी। पिता के निधन के बाद अब वे लौट रही हैं। आज शाम तक वह मोहाली पहुंच जाएंगी, जबकि बेटा घर पर ही है।
उधर, पंजाब सीएम भगवंत मान ने भी जसविंदर भल्ला के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जसविंदर भल्ला का अचानक इस दुनिया से चले जाना बेहद दुखद है। छणकाटों की छनकार के बंद होने से मन दुखी है। वाहेगुरु उन्हें अपने चरणों में स्थान प्रदान करें। चाचा चतरा हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।
बता दें कि जसविंदर भल्ला का जन्म 4 मई 1960 को लुधियाना के दोराहा में हुआ था। उन्होंने 1988 में “छणकाटा 88” से कॉमेडियन के रूप में करियर की शुरुआत की। इसके बाद फिल्म “दुल्ला भट्टी” में एक्टर भी बने।
पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर रह चुके जसविंदर भल्ला पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) में प्रोफेसर रहे। वे PAU के ब्रांड एंबेसडर भी बने और अपने कार्यकाल में उन्होंने विश्वविद्यालय की तकनीकों और साहित्य को किसानों तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। उनका पूरा फोकस कृषक समुदाय की सेवा और जागरूकता बढ़ाने पर रहा।
