करतारपुर (R24N): दामाद ने सरेआम स्थानीय सिविल अस्पताल में घुसकर अपनी सास के सिर में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे जालंधर रेफर कर दिया गया। संयोग से पत्नी पर चलाई दो गोलियां दीवार पर जा कर लगीं। गोली चलने की घटना के बाद सिविल अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।

डीएसपी करतारपुर विजय कवर व थाना प्रमुख इंस्पेक्टर रमनदीप सिंह मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुका था। जानकारी के अनुसार ज्योति गांव ब्रह्मपुर की रहने वाली है। उसकी शादी कपूरथला के गांव औजला के सुखचैन सिंह से हुई है। उसका पति उससे मारपीट करता था। पिटाई के चलते ही वह सिविल अस्पताल करतारपुर में उपचाराधीन थी। सोमवार शाम उसकी मां कुलविंदर कौर उसके साथ मौजूद थी, तभी उसका पति सुखचैन सिंह अचानक सिविल अस्पताल पहुंचा और अपनी पिस्तौल से अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
सिर में गोली लगने से ज्योति की मां कुलविंदर कौर बिस्तर से जमीन पर गिर पड़ीं। सिविल अस्पताल में दाखिल मरीज अस्पताल स्टाफ दहशत में आ गया और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर हरप्रीत सिंह ने बताया कि गोली कुलविंदर कौर के सिर के आर-पार हो गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एंबुलेंस से जालंधर रेफर कर दिया गया है। डीएसपी विजय कवर के अनुसार आरोपी सुखचैन सिंह मौके से फरार हो गया, लेकिन जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अचानक जब आरोपी ने पिस्तौल निकाली तो देखकर सब हैरान हो गए। जिस महिला को गोली लगी, उसने अपना बचाव करनी की कोशिश भी की। लेकिन गोली उसके सिर के आरपार हो गई और जनरल वार्ड में खून ही खून हो गया। तुरंत डॉक्टर भी मौके पर पहुंच गए। आरोपी ने चलाने की कोशिश की। लेकिन उसका बचाव हो गया और दो गोलियां दीवार पर लगी। इस घटना से पूरे करतारपुर में दहशत का माहौल पैदा हो गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है पिस्तौल अवैध है या वैध। इस तरह से सरेआम गोलियां चलना पुलिस पर सवालिया निशान है। आखिर सिविल में घुस का कोई कैसे वारदात को अंजाम दे सकता है।
