जालंधर (R24N): जालंधर कैंट के निकटवर्ती दीपनगर राम बाग के निकट स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से लाखों रुपए की लूट करके लुटेरे फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक लुटेरे सोमवार तड़के 2:45 बजे कार में आए। कार से दो लुटेरे उतरकर आए और एटीएम का शटर तोड़कर अंदर घुस गए। सबसे पहले उन्होंने अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे किया। इस कारण आगे की वारदात सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने गैस कटर की मदद से एटीएम को काटकर उसमें से 13 लाख 82 हजार 800 रुपए लूट लिए और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कैंट तथा उप चौकी परागपुर की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एसीपी कैंट बबनदीप सिंह ने बताया कि सुबह कंट्रोल रूम से लूट की घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर देखा तो एटीएम तोड़कर लुटेरे उसमें पड़ी
राशि उड़ा ले गए थे। पुलिस ने सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी हैं। पुलिस के मुताबिक लुटेरे स्विफ्ट कार में आए थे और वारदात के बाद जालंधर-अमृतसर हाईवे की तरफ निकल गए। पुलिस ने दिनभर ओल्ड फगवाड़ा रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली ताकि लुटेरों के बारे में कुछ जानकारी मिल सके। उन्होंने बताया कि लुटेरे जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
