रोजाना24न्यूज: पंजाब में सरकार के आदेशों की अवहेलना करने वाले 14 राजस्व अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हुई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा दिए गए निर्देशों के बावजूद सामूहिक अवकाश लेने और रजिस्ट्रियां न करने वाले तहसीलदारों को निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने तहसीलदारों को आज शाम 5 बजे तक काम पर लौटने का अल्टीमेटम दिया था। लेकिन, निलंबित किए गए 14 तहसीलदारों ने आदेश न मानने की जिद पकड़ी और शुक्रवार तक रजिस्ट्री न करने का फैसला किया।
सरकार के सख्त रुख को देखते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) अनुराग वर्मा ने इन 14 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए अधिकारियों में मोगा जिले के बाघापुराणा के तहसीलदार गुरमुख सिंह और नायब तहसीलदार भीमसेन, स्मालसर के नायब तहसीलदार अमरजीत सिंह समेत कई अन्य अधिकारी शामिल हैं। सरकार की इस कड़ी कार्रवाई के बाद अब देखना होगा कि हड़ताल पर अड़े अन्य अधिकारी क्या रुख अपनाते हैं।
