Vector illustration of the badge with breaking news.
अबोहर: गांव कुंडल में एक दंपती के शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। शव काफी खराब हालत में थे, जिसमें अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी गांव कुंडल में पहुंचे और जांच शुरू की। सूत्रों के अनुसार वकील सिंह (33) पुत्र आत्मा सिंह की दूसरी शादी करीब 6 माह पहले हुई थी। अब दंपती का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि महिला का शव बैड पर पड़ा था, जबकि वकील सिंह का शव फंदे से झूल रहा था। प्रथम दृष्टि से तो कयास लगाए जा रहे हैं कि व्यक्ति ने कथित रूप से पहले अपनी पत्नी को मारा होगा और फिर खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, जांच से ही पूरे मामले से परदा उठ पाएगा।
बताया जा रहा है कि मृतक वकील सिंह दिहाड़ी करता था और राय सिख बिरादरी से संबंध रखता है। पिछले कई दिनों से उसके घर से बदबू आ रही थी। पड़ोसियों ने खुद जांच की तो घर में दो शव मिले। इसके बाद गांव वासियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शव गले सड़े हुए हैं। सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी गुरमीत सिंह दलबल सहित मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस संबंध में डीएसपी देहाती एडी सिंह ने कहा कि सदर थाना प्रभारी पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
