भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी को सौंपा ज्ञापन
जालंधर (R24N): वार्ड-4 के पार्षद जागीर सिंह पर देवेंद्र कुमार द्वारा घर में घुसकर गाली गलौज करने, जान से मारने की धमकी, घर तोड़ने और पानी के कनेक्शन काटने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे, जिसको लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रशांत गंभीर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल आज डीसीपी नरेश डोगरा से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी नरेश डोगरा को एक लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि गत रात्रि पार्षद जागीर सिंह ने ऑटो चालक देवेंद्र कुमार के घर में घुसकर उसके साथ न सिर्फ अभद्र भाषा में गाली-गलौच की, बल्कि जान से मारने की धमकियां भी दीं। इतना ही नहीं, उन्होंने देवेंद्र कुमार का घर तोड़ने और उसके घर का पानी का कनेक्शन काटने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
देवेंद्र कुमार के परिवार का कहना है कि पार्षद की ओर से लगातार गुंडागर्दी की जा रही है, जिससे मोहल्ले में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जालंधर के पुलिस कमिश्नर के निर्देशों के तहत डीसीपी से मांग की कि दोषी पार्षद के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर उसे कानून के दायरे में लाया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यदि आज शाम तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जनआंदोलन छेड़ने को विवश होंगे। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि यदि आम जनता को न्याय नहीं मिला और दबंगई को खुली छूट मिली, तो समाज में कानून व्यवस्था पर से विश्वास उठ जाएगा। इस मौके पर प्रशांत गंभीर के साथ किशन लाल शर्मा, भूपिंदर सिंह राजू, निक्का पंडित, सूरज उपाध्याय, मोहित शर्मा, डॉ. वनीत सिंह, दीपा और अन्य कार्यकर्ता व स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।
